गोलघर में चोरी का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला, गंभीर घायल

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के गोलघर पुलिस चौकी के पास रविवार भोर करीब 3:55 बजे दुकान के सामने रखे जनरेटर को चोरी करने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। चोरी की कोशिश कर रहे आरोपी ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई।

जानकारी के मुताबिक रामगढ़ताल क्षेत्र के सिद्धार्थ एन्क्लेव निवासी 33 वर्षीय हरे कृष्ण पांडेय बाइक से रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे थे। गोलघर में सवेरा साड़ी सेंटर के पास उन्होंने एक व्यक्ति को जनरेटर चोरी करने की कोशिश करते देखा। हरे कृष्ण ने बाइक रोककर उसे चोरी करने से टोका, जिस पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। बचाव में उन्होंने दाहिना हाथ आगे कर दिया, जिससे हाथ में गंभीर चोट लग गई।

शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *