ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते में पुलिस ने वापस कराए 40 हजार रुपये

 

पुराने दोस्त की आवाज में फोन कर बच्चे के इलाज के नाम पर मांगे थे पैसे, 85 हजार रुपये किए थे ट्रांसफर

खोराबार/गोरखपुर। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खोराबार थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार व्यक्ति के खाते में 40 हजार रुपये वापस करा दिए। पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, आवेदक के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके पुराने दोस्त की आवाज में फोन किया। आरोपी ने अपने बच्चे के इलाज की बात बताकर रुपये की आवश्यकता होने की जानकारी दी। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए आवेदक ने बिना जांच-पड़ताल किए अलग-अलग तारीखों में आरोपी के खाते में कुल 85 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
कुछ दिनों बाद जब आवेदक ने अपने दोस्त के वास्तविक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उसे पता चला कि उसके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना खोराबार की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खाते में मौजूद 40 हजार रुपये होल्ड करा दिए। इसके बाद न्यायालय के आदेशानुसार संबंधित बैंक से पत्राचार कर पीड़ित के खाते में पूरी 40 हजार रुपये की धनराशि वापस करा दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी परिचित की आवाज या पहचान बताकर फोन करने वाले व्यक्ति के कहने पर तत्काल रुपये ट्रांसफर न करें। किसी भी आर्थिक लेनदेन से पहले संबंधित व्यक्ति से दूसरे माध्यम से संपर्क कर सत्यापन अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *