निर्माण कार्यों की समीक्षा कर एसडीएम ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश

आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों की रिपोर्ट जांच के बाद ही भेजने को दिया निर्देश

गोरखपुर। तहसील सदर अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों और राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में संबंधित अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता और उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा किए जाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से तहसील क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाना है, उनमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम सदर ने विशेष रूप से आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्रों के लिए लेखपालों द्वारा लगाई जा रही रिपोर्ट को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लेखपाल स्तर से प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट को बिना जांचे-परखे आगे प्रेषित न किया जाए। संबंधित अधिकारी एवं राजस्व कर्मी रिपोर्ट की आवश्यक जांच करने के बाद ही उसे अग्रसारित करें, ताकि पात्र आवेदकों को समय से प्रमाणपत्र मिल सके और गलत अथवा तथ्यहीन रिपोर्ट के आधार पर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि प्रमाणपत्रों से जुड़े मामलों में राजस्व कर्मियों की रिपोर्ट महत्वपूर्ण होती है। इसलिए रिपोर्ट तैयार करते समय अभिलेखों, मौके की स्थिति और उपलब्ध तथ्यों का समुचित परीक्षण किया जाना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
एसडीएम ने कानूनगो एवं लेखपालों को भी निर्देशित किया कि राजस्व कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम लोगों को तहसील से संबंधित सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता, नायब तहसीलदार नीलम तिवारी सहित तहसील सदर के कानूनगो एवं अन्य संबंधित राजस्व कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एसडीएम द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *