स्कूल के रास्ते में जलभराव, कीचड़ में स्कूल पहुंचने को मजबूर नौनिहाल

पीएम श्री कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय कौड़ीराम की बदहाल तस्वीर ने खोली व्यवस्था की पोल

निजी स्कूल की बसों का भी इसी संकरे रास्ते से आवागमन

कौड़ीराम/ गोरखपुर। पीएम श्री कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय कौड़ीराम में पढ़ने वाले बच्चों की मुश्किलें इन दिनों बढ़ गई हैं। विद्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते पर बरसात का पानी जमा होने से पूरा मार्ग कीचड़ और जलभराव की चपेट में है। ऐसे में मासूम छात्र-छात्राओं को इसी गंदे और पानी से भरे रास्ते से होकर विद्यालय आना-जाना पड़ रहा है। तस्वीरें विद्यालय के आसपास की बदहाल स्थिति की साफ गवाही दे रही हैं।

विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने और आसपास काफी मात्रा में पानी जमा है। कई स्थानों पर रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है। बच्चों को पानी से बचकर निकलने के लिए किनारे-किनारे चलना पड़ रहा है। छात्राओं और छोटे बच्चों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से परेशानी भरी बनी हुई है। स्कूल ड्रेस और जूते खराब होने के साथ ही बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा भी बना रहता है।

बताया जा रहा है कि जिस रास्ते का इस्तेमाल विद्यालय आने-जाने वाले बच्चे करते हैं, उसी रास्ते का इस्तेमाल कालोनी के लोग भी करते हैं, जहां जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। स्थानीय स्तर पर रास्ते की स्थिति सुधारने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। इतना ही नहीं, एक निजी विद्यालय की बसें भी इसी रास्ते से होकर गुजरती हैं, जिससे पहले से खराब और संकरे रास्ते पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

नौनिहालों की परेशानी पर जिम्मेदारों की चुप्पी?

विद्यालय के रास्ते की इस समस्या को लेकर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि रास्ते की समस्या संज्ञान मे है, स्थानीय विधायक को इससे अवगत कराया गया है, उन्होंने रास्ता बनवाने का आश्वासन दिया है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय जैसे संस्थान में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित और सुगम रास्ता उपलब्ध कराना संबंधित जिम्मेदार विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। लेकिन कौड़ीराम की यह तस्वीरें जमीनी हकीकत को कुछ और ही बयां कर रही हैं।

जिम्मेदारों से सवाल
बरसात के दिनों में विद्यालय के रास्ते पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कब होगा?
बच्चों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर स्कूल जाने से कब राहत मिलेगी?
निजी स्कूल की बसों के आवागमन से बच्चों की सुरक्षा प्रभावित होने पर जिम्मेदार विभाग क्या कार्रवाई करेगा?
शिक्षा विभाग इस मामले में कब मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराएगा?

बच्चों के लिए सुरक्षित रास्ता कोई सुविधा नहीं, बल्कि बुनियादी जरूरत है। कौड़ीराम के इस विद्यालय की तस्वीरें व्यवस्था से यही सवाल पूछ रही हैं कि नौनिहालों की इस परेशानी का जिम्मेदार आखिर कौन है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *