पंडित दीन दयाल इंटर कॉलेज में निकाली गयीं मतदाता जागरूकता रैली

 

 

महराजगंज। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) समाज में सहयोग की भावना को बढ़ाने, असमानता को कम करने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। सेवा भावना को जीवन में बनाए रखना एक ऐसी कुंजी है, जिससे व्यक्ति न केवल अपने व्यक्तित्व का विकास करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी निरंतर योगदान देता है।
उक्त विचार पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नेहरू नगर पिपरदेउरा में आयोजित सप्तदिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन आयोजित बौद्धिक सत्र का उद्घाटन करते हुए संस्था के डायरेक्टर एवं मुख्य अतिथि दुर्गेश सिंह ने व्यक्त किए। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुभवों से सीखना और समय के साथ सकारात्मक बदलाव को स्वीकार करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अभय प्रताप मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में पढ़ाई के साथ-साथ देश के प्रति सेवा भाव और सामाजिक सहयोग की भावना विकसित करती है। उन्होंने स्वयंसेवियों से पर्यावरण के प्रति सजग रहते हुए संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्वयंसेविका दीपाली पटेल एवं उनके साथियों द्वारा सरस्वती वंदना तथा मुस्कान यादव एवं उनके साथियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिदिन की भांति लक्ष्य गीत एवं योग अभ्यास के साथ हुआ। कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र वर्मा एवं राकेश सहानी के मार्गदर्शन में स्वयंसेवियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत रैली निकाली गई। रैली नेहरू नगर पिपरदेउरा से उद्योग चौराहा होते हुए चिउरहा गांव से शिविर स्थल पर वापस लौटी। रैली के दौरान स्वयंसेवियों ने बैनर-पोस्टर के माध्यम से डोर-टू-डोर जाकर लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। “पहले मतदान, फिर जलपान” और “छोड़ो अपने सारे काम, पहले करो मतदान” जैसे नारों के साथ आगामी चुनाव में मतदान करने की अपील की गई। रैली के उपरांत कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक मतदाता देश की मजबूत नींव होते हैं। भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मताधिकार का विवेकपूर्ण प्रयोग ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। कार्यक्रम में स्वयंसेवियों सपनिका, अंजली, प्रियंका, अनुष्का यादव, प्रतिभा, आदित्य, मारूफ, कैफ, अंकित सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *