भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने बाइक टक्कर में एक की मौत, दूसरा  गंभीर


एम्बुलेंस देरी बनी मौत की वजह? लोगों ने उठाए आपात सेवा पर सवाल

महराजगंज जनपद के नगर पंचायत परतावल के एनएच-730 गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कृषक इंटरमीडिएट कॉलेज परतावल के सामने उस समय हुआ जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में मृतक की पहचान श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल के छातिराम दक्षिण टोला निवासी विजय प्रताप सिंह (60) पुत्र ठगई सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय प्रताप सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान सुहेल, निवासी ग्राम सभा अमवा, थाना श्यामदेउरवा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को निजी वाहन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित किया और दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर चौकी भेज दिया। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच-730 पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी बाधित रहा। इधर, मृतक विजय प्रताप सिंह की असामयिक मृत्यु से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि उनके दोनों पुत्र रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहते हैं, ऐसे में घर के मुखिया की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एम्बुलेंस सेवा पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद तत्काल एम्बुलेंस को कई बार फोन किया गया, लेकिन एम्बुलेंस काफी देर से मौके पर पहुंची। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते एम्बुलेंस पहुंच जाती तो शायद विजय प्रताप सिंह की जान बचाई जा सकती थी। एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने के कारण लोगों में आक्रोश है और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *