आईजीआरएस निस्तारण में महराजगंज पुलिस का उत्कृष्ट प्रदर्शन, माह मई-2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जनपद रहा प्रथम स्थान पर

जनपद के 18 थानों का रहा प्रथम स्थान, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण का मिला प्रतिफल
जनपद का लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का सिलसिला बरकरार, वर्ष 2026 में हर माह आईजीआरएस रैंकिंग में प्रथम स्थान

महराजगंज जनपद में जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से संचालित समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की माह मई-2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में महराजगंज पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही जनपद के 18 थानों ने भी अपने-अपने स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो जनपद पुलिस की कार्यकुशलता, जवाबदेही एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के आधार पर यह रैंकिंग निर्धारित की जाती है। माह मई-2026 के मूल्यांकन में महराजगंज पुलिस द्वारा शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट कार्यप्रणाली अपनाते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई, जिसके फलस्वरूप जनपद को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि जनपद में आईजीआरएस से प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित रूप से समीक्षा की जाती है तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि थाना स्तर से लेकर जनपद स्तर तक अधिकारियों द्वारा शिकायतों की सतत निगरानी, प्रभावी पर्यवेक्षण तथा तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के कारण यह सफलता प्राप्त हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिक कार्रवाई न करते हुए प्रत्येक प्रकरण का तथ्यपरक एवं निष्पक्ष परीक्षण किया जाता है तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी विशेष महत्व दिया जाता है। यही कारण है कि महराजगंज पुलिस लगातार जनसामान्य की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए शिकायत निवारण प्रणाली में बेहतर प्रदर्शन कर रही है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *