राना बेनी माधव सिंह की 222वीं जयंती को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज
स्मारक समिति की बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर मंथन, 2 अगस्त को होगी अगली बैठक
जगतपुर, रायबरेली। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर सेनानी राना बेनी माधव सिंह की 222वीं जयंती को ऐतिहासिक, गरिमामय और जनभागीदारीपूर्ण बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को राना की जन्मस्थली शंकरपुर में राना बेनी माधव सिंह स्मारक समिति की महत्वपूर्ण बैठक राना बेनी माधव सिंह इंटर कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। लगभग तीन घंटे तक चली बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष जयंती समारोह को व्यापक जनसहभागिता के साथ भव्य एवं यादगार स्वरूप दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता स्मारक समिति के संस्थापक एवं राना बेनी माधव सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक हरिचंद्र बहादुर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि राना बेनी माधव सिंह का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और स्वाभिमान का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्शों और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समिति का प्रमुख उद्देश्य है। अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं, सम्मान समारोह, अनुशासन, जनसहभागिता तथा जयंती समारोह के विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समिति के संयोजक अरुणेंद्र सिंह चौहान ने प्रस्तावित जयंती समारोह की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं एवं दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समारोह में राना बेनी माधव सिंह के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को केंद्र में रखकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में समिति के वरिष्ठ संरक्षक एवं पूर्व प्रवक्ता बुधेंद्र बहादुर सिंह, राष्ट्रीय शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम अकबाल बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष एवं पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी आशापाल सिंह तथा प्रो. प्रवेश नारायण सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सभी वक्ताओं ने राना बेनी माधव सिंह की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष बल दिया।
बैठक का संयुक्त संचालन भगवत प्रताप सिंह एवं अमरनाथ सिंह ने किया। विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आयोजन की तैयारियों की समीक्षा तथा अंतिम रूप देने के लिए अगली बैठक 2 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
समिति की मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि जयंती समारोह की तैयारियां चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ रही हैं। आगामी बैठक में विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों का अंतिम निर्धारण किया जाएगा, ताकि समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा सके।
बैठक में समिति के अध्यक्ष राजकुमार सिंह ‘धीरज’, अनुज सिंह, सानिध्य सिंह, अजय पाल सिंह चौहान, इं. राज कुमार सिंह, मुन्ना सिंह चौहान, आलोक सिंह एडवोकेट, पत्रकार सुनील सिंह, पत्रकार विजय सिंह चौहान सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य, क्षेत्र के प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में राना बेनी माधव सिंह के प्रति श्रद्धा रखने वाले लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।
बैठक के उपरांत समिति की ओर से संगठनात्मक एकता, आपसी प्रेम और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक स्वरूप सामूहिक सहभोज का आयोजन किया गया। सहभोज में देशी व्यंजन परोसे गए। सभी ने आत्मीय वातावरण में एक साथ भोजन ग्रहण करते हुए संगठन की एकजुटता और भाईचारे को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।

Yogendra Pandey is a dedicated journalist and the key author at Crime News National, a platform committed to delivering accurate, timely, and unbiased crime-related news from across India. With a strong passion for investigative reporting, he focuses on presenting facts responsibly and raising awareness about issues that impact public safety and justice.
Over the years, Yogendra has built a reputation for his clear reporting style, ethical journalism, and commitment to truth. His work highlights real incidents, law-and-order developments, and important updates involving crime, policing, and public awareness.
At Crime News National, he aims to provide readers with trustworthy information supported by verified sources, ensuring transparency and credibility in every story he reports.
Yogendra believes that informed citizens build a safer society, and through his writing, he strives to bring awareness, promote justice, and give a voice to real issues from the ground.
