ए आई एम आई एम जिलाध्यक्ष ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

 

 

महराजगंज।

सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय एवं इस्लाम धर्म के आख़िरी पैग़म्बर हज़रत मोहम्मद के संबंध में कथित तौर पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में एआईएमआईएम महराजगंज यूनिट ने जिलाध्यक्ष सरवर खान के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक महराजगंज को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच एवं विधिक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि चन्दन दुबे पुत्र उपेन्द्र दुबे, निवासी भारतखण्ड पकड़ी, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से ऐसी टिप्पणी की गई, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि इस प्रकार की सामग्री के प्रसार से सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सरवर खान ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की तत्काल जांच कराई जाए तथा पोस्ट के स्क्रीनशॉट, लिंक और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का सत्यापन किया जाए। साथ ही, जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने वाली सामग्री के प्रसार पर प्रभावी निगरानी की भी मांग की गई है। ए आई एम आई एम जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार की अशांति पैदा करना नहीं, बल्कि कानून और संविधान के दायरे में रहकर निष्पक्ष जांच एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित कराना है। उन्होंने प्रशासन से मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
ज्ञापन के माध्यम से यह भी कहा गया कि सभी समुदायों की धार्मिक आस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी भी व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने की स्थिति में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि जनपद में सामाजिक सद्भाव, शांति और भाईचारा कायम रहे। इस मौके पर इकबाल अहमद जिला महासचिव, मोहिउद्दीन सिद्दीकी यूथ जिलाध्यक्ष, सफी मोहम्मद सदर विधानसभा प्रभारी, मौलाना अलीशेर अहमद जिला सचिव, अफसर अली जिला सचिव, मौलाना सलीमुल्लाह जिला सचिव, निजामुद्दीन जिला महासचिव, मुबारक अली, हुसैन अहमद जिला सचिव, सर्वेश गौतम विधानसभा प्रभारी नौतनवा, जावेद अली, वसी अहमद अध्यक्ष सदर विधानसभा, रमजान अली ब्लॉक अध्यक्ष मिठौरा, मोहम्मद तल्हा, मोहम्मद शाहिद, सुग्रीव भारती, सैफुल्लाह, मौलाना रमजान साहब, इसहाक, अब्दुर्रहीम, इरशाद सहित बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *