समय माता स्थान बेलहर के महंत रुदल दास जी महाराज का निधन, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

सहजनवा/ गोरखपुर

सहजनवां तहसील क्षेत्र के आस्था के केंद्र प्रसिद्ध समय माता स्थान बेलहर के महंत परम पूज्य श्री रुदल दास जी महाराज गोलोकवासी हो गए। उन्होंने सोमवार, 1 सितंबर 2026 को सुबह 9:40 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और श्रद्धालुओं में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
बताया जाता है कि पूज्य महाराज जी पिछले कई दशकों से समय माता स्थान बेलहर पर रहकर माता रानी की निस्वार्थ सेवा और भक्ति में लीन थे। उनका जीवन बेहद सरल, सहज और सात्विक था। वे हमेशा धर्म-कर्म और मानव सेवा के लिए प्रेरित करते थे। उनके आशीर्वाद से हजारों श्रद्धालुओं का कल्याण हुआ। क्षेत्र के लोग उन्हें बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ महाराज जी कहते थे।
सोमवार शाम को संत परंपरा के अनुसार विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ उनकी समाधि दी गई। समाधि के दौरान बड़ी संख्या में साधु-संत, महंत, श्रद्धालु, ग्रामीण और क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से अपने प्रिय संत को अंतिम विदाई दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
महाराज जी के गोलोकवासी होने से समय माता मंदिर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। मंदिर परिसर में शोक सभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। श्रद्धालुओं ने कहा कि महाराज जी का जाना धर्म समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *