गुरुजनों के सम्मान में गूंजा ज्योति इंटर कॉलेज, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम

 

शिक्षक संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों के निर्माता:राधेश्याम श्रीवास्तव

शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का हुआ सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

नाहरपुर/गोरखपुर। ज्योति इंटर कॉलेज नाहरपुर में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के संरक्षक एवं अवकाश प्राप्त शिक्षक राधेश्याम श्रीवास्तव रहे। प्रधानाचार्य डा. रवि प्रकाश यादव ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महान शिक्षाविद् व पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, भाषण, गीत-संगीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
मुख्य अतिथि राधेश्याम श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक केवल कक्षा में पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। शिक्षक के संस्कार और मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसकी युवा पीढ़ी होती है और उसे संस्कारवान, अनुशासित एवं योग्य बनाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने और विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य डा. रवि प्रकाश यादव ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन जीने की कला, अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों की सीख देते हैं। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, संस्कारवान और सफल नागरिक बनाना है।
समारोह में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में विशेष प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों पर पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को उपहार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक अजय प्रकाश यादव ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय में भावुक एवं आत्मीय वातावरण देखने को मिला।
समारोह में शिक्षक गिरिजेश कुमार मिश्र, डॉ. इम्तियाज हुसैन खान, श्रीकांत शर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता, आदित्य जायसवाल, रमेश पांडेय तथा शिक्षिकाएं रश्मि सिंह, जय श्री, अनुपमा मिश्रा, मधु उपाध्याय और प्रतिमा पाठक सहित विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *