घुघली थाने में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व, भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

 

घुघली/महराजगंज। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शुक्रवार को घुघली थाना परिसर में बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ ही क्षेत्रीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे थाना परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण की झांकी एवं पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम का आयोजन थानाध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर थाना परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। देर रात तक थाना परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय हुआ, परिसर जय श्रीकृष्ण और नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के जन्म की खुशी में एक-दूसरे को बधाई दी।
विशाल भंडारे का हुआ आयोजन
जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर थाना परिसर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसमें पुलिस कर्मियों, क्षेत्रीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में घुघली चौकी प्रभारी शिवम् रॉय, कांस्टेबल रजत प्रजापति, सर्वेश कुमार, जखीरा चौकी इंचार्ज आशुतोष पाठक, पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने कहा कि धार्मिक पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश से हमें धर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *