‘युवा संवाद’ में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, सोशल मीडिया और रोजगार पर पूछे बेबाक सवाल
महराजगंज जनपद में युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से लगाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, महराजगंज के तत्वावधान में शनिवार को चौक स्टेडियम, महराजगंज में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवाओं ने सहभागिता की और राष्ट्र, समाज, रोजगार तथा युवा चुनौतियों से जुड़े विषयों पर खुलकर संवाद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता दीपक विस्पुते जी, अखिल भारतीय सह-बौद्धिक शिक्षण प्रमुख, ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिषेक विश्वकर्मा सचिव, महराजगंज डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एसोसिएशन ने की। मंच पर जिला संघचालक रमाशंकर गुप्त तथा खंड संघचालक रमेश गुप्त सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं मंचासीन अतिथिगण को अंगवस्त्र भेंट कर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में दीपक विस्पुते ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा शक्ति है। युवाओं को केवल अपने भविष्य के निर्माण तक सीमित न रहकर अपने ज्ञान, कौशल, अनुशासन और ऊर्जा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने अवसर भी हैं और चुनौतियां भी। आवश्यकता इस बात की है कि युवा अपनी क्षमता को सही दिशा दें और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को समझें। संकल्प, संस्कार और सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ने वाली युवा शक्ति भारत को विश्व नेतृत्व की दिशा में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
संवाद सत्र में युवाओं ने मुख्य वक्ता से कई महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषयों पर बेबाक सवाल पूछे। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उसके सकारात्मक उपयोग से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया स्वयं समस्या नहीं है, बल्कि उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा है, यह महत्वपूर्ण है। युवाओं को सोशल मीडिया का उपयोग ज्ञान, संवाद और सकारात्मक विचारों के प्रसार के लिए करना चाहिए, न कि अपना समय और एकाग्रता नष्ट करने के लिए।
एक युवा ने भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। ईमानदारी से अपने दायित्व का निर्वहन करना, समाज के प्रति संवेदनशील रहना, स्वदेशी एवं स्थानीय प्रयासों को बढ़ावा देना और अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करना भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बेरोजगारी के विषय पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने युवाओं से रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास और उद्यमिता पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था में केवल नौकरी की तलाश करने के बजाय युवाओं को अपने कौशल को विकसित कर नए अवसरों का निर्माण करने की मानसिकता विकसित करनी चाहिए।
कार्यक्रम का प्रस्तावना जिला सेवा प्रमुख शेषमणि ने रखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अभिषेक विश्वकर्मा ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और प्रतिभा है। आवश्यकता है कि इस ऊर्जा को सही दिशा और सकारात्मक उद्देश्य मिले। खेल, शिक्षा, सामाजिक सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के माध्यम से युवा समाज में प्रभावी परिवर्तन ला सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विभाग सेवा प्रमुख खुबलाल वर्मा ने उपस्थित अतिथियों, युवाओं एवं आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रचार प्रमुख जीवेश मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक प्रमुख डॉ. अवधेश, सह प्रांत प्रचारक सुरजीत, विभाग प्रचारक राजीव नयन, सह विभाग प्रचारक अजीत, जिला प्रचारक विनय, सह जिला प्रचारक रोहित, जिला कार्यवाह शिवचरण, सह जिला कार्यवाह अनिल, दुर्गेश, रंजीत, हृदेश, संगम, अविनाश, सूरज, चन्दन, विजय, अतुल, राजकिशोर, दिग्विजय, देव पटेल, सुनील, दीपक, मयंक, मुक्तिनाथ, आकाश, गोविंद, डॉ. हरेंद्र यादव, हरेंद्र पटेल, मनीषा त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा बंधु उपस्थित रहे।
‘युवा संवाद’ कार्यक्रम ने युवाओं को केवल सुनने का नहीं, बल्कि प्रश्न पूछने, विचार रखने और राष्ट्र के भविष्य पर चिंतन करने का मंच प्रदान किया।

Yogendra Pandey is a dedicated journalist and the key author at Crime News National, a platform committed to delivering accurate, timely, and unbiased crime-related news from across India. With a strong passion for investigative reporting, he focuses on presenting facts responsibly and raising awareness about issues that impact public safety and justice.
Over the years, Yogendra has built a reputation for his clear reporting style, ethical journalism, and commitment to truth. His work highlights real incidents, law-and-order developments, and important updates involving crime, policing, and public awareness.
At Crime News National, he aims to provide readers with trustworthy information supported by verified sources, ensuring transparency and credibility in every story he reports.
Yogendra believes that informed citizens build a safer society, and through his writing, he strives to bring awareness, promote justice, and give a voice to real issues from the ground.
