सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की उपस्थिति में बाढ़ प्रभावित गेढ़वा गांव में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वितरित की राहत सामग्री

 

 

महराजगंज। जनपद महराजगंज के तहसील निचलौल क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम गेढ़वा में आज जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिसवा विधायक  प्रेम सागर पटेल की उपस्थिति में जिलाधिकारी महराजगंज एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत सामग्री वितरित की गई।

जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए आमजन की सुरक्षा, आवश्यक सहायता एवं राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में गेढ़वा गांव पहुंचकर अधिकारियों द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद किया गया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।

इस दौरान बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि बाढ़ की स्थिति में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह से उनके साथ है तथा आवश्यकता के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने हेतु निर्देशित किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस टीमें निरंतर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *