19 साल के अश्व ‘योद्धा’ का निधन, एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

13 वर्षों तक गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में रहकर निभाई जिम्मेदारी, कुंभ मेले से लेकर गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में रहा तैनात

गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में शामिल रहे 19 वर्षीय अश्व ‘योद्धा’ का सोमवार को निधन हो गया। उसके निधन से पुलिस लाइन में शोक का माहौल रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कोस्तुभ ने पुलिस लाइन पहुंचकर अश्व योद्धा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और घुड़सवार पुलिस दल के सदस्यों ने भी पुष्प अर्पित कर उसे भावभीनी विदाई दी।

पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन अरुणकुमार एस, प्रतिसार निरीक्षक, घुड़सवार पुलिस दल के सदस्यों सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अश्व योद्धा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उसके प्रति सम्मान प्रकट किया।

उल्लेखनीय है कि अश्व योद्धा वर्ष 2013 में गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में शामिल हुआ था। करीब 13 वर्षों तक उसने पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उसने कई महत्वपूर्ण आयोजनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं में अपनी भूमिका निभाई। प्रयागराज कुंभ मेले में ड्यूटी के साथ ही श्री गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा, वीआईपी और वीवीआईपी ड्यूटी जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।

अपने सेवाकाल में अश्व योद्धा पुलिस के महत्वपूर्ण आयोजनों और सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा रहा। उसकी सेवाओं को याद करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसे श्रद्धांजलि दी। 19 वर्ष की आयु में उसके निधन पर घुड़सवार पुलिस दल के सदस्यों ने भी दुख जताया।

पुलिस विभाग में अश्व योद्धा का योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। उसका निधन गोरखपुर पुलिस के अश्व दल के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *