पटाखा जलाने के विवाद में दो भाइयों पर जानलेवा हमला, छह आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर जनपद मे दीपावली पर पटाखा जलाने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और पल्टा से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए एम्स थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, घटना आठ नवंबर की रात करीब 11 बजे की है। एम्स थाना क्षेत्र के नवलपुरवा में पटाखा जलाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने वादी और उसके भाई को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से दोनों के सिर पर लोहे की रॉड और पल्टा से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर एम्स थाने में मुकदमा संख्या 340/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 109(1) के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सूरज, बबलू और अरुण पुत्रगण रामजतन निवासी नवलपुरवा थाना एम्स, अभय पुत्र जयप्रकाश निवासी नारायणपुर खुर्द थाना गोला, हाल पता भैरोपुर धोबीटोला थाना एम्स, आजाद पुत्र रमजान निवासी डिबिया थाना कैंट और अर्जुन पुत्र स्वर्गीय बब्लू निवासी नवलपुरवा थाना एम्स शामिल हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई एक लोहे की रॉड बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पटाखा जलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गंभीर हिंसक घटना में बदल गया, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *