एनसीसी कैडेट्स के लिए 10 दिवसीय पैरासेलिंग एडवेंचर गतिविधि का हुआ आयोजन

 

अवधेश पाण्डेय जिला संवाददाता गोरखपुर

गोरखपुर 08 मार्च। एनसीसी के विशाल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के अंतर्गत साहसिक गतिविधियां कैडेट्स में आत्मविश्वास की मजबूत आधारशिला रखती हैं। पैरासेलिंग उनमें से एक अत्यंत रोमांचक और अद्भुत गतिविधि है। उक्त विचार 45 यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल जयवीर सिंह (सेना मेडल) ने व्यक्त किए।

 

 

 

 


गोरखपुर ग्रुप मुख्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से 45 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा गोरखपुर ग्रुप के एनसीसी कैडेट्स के लिए 10 दिवसीय पैरासेलिंग एडवेंचर गतिविधि का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं। यह रोमांचक गतिविधि 06 मार्च से 15 मार्च 2026 तक शहर के मध्य स्थित डीडीयू ग्राउंड में आयोजित की जा रही है।
इस एडवेंचर गतिविधि का आयोजन 45 यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल जयवीर सिंह के मार्गदर्शन तथा लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम में गोरखपुर ग्रुप के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
कर्नल जयवीर सिंह ने बताया कि पैरासेलिंग एक अत्यंत रोमांचक एडवेंचर गतिविधि है, जिसमें कैडेट्स को सुरक्षा उपकरणों के साथ पैराशूट की सहायता से निर्धारित ऊंचाई तक हवा में ले जाया जाता है। इस दौरान उन्हें आकाश में उड़ान का अनूठा अनुभव प्राप्त होता है। इस प्रकार की गतिविधियां कैडेट्स में साहस,आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता का विकास करती हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित एवं अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जा रहा है। कैडेट्स को पैरासेलिंग से पूर्व आवश्यक ब्रीफिंग,सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है, जिससे वे सुरक्षित रूप से इस गतिविधि का आनंद ले सकें।
इस अवसर पर एनसीसी के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए कर्नल जयवीर सिंह ने कहा कि एनसीसी का मुख्य उद्देश्य युवाओं में अनुशासन,नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। पैरासेलिंग जैसी साहसिक गतिविधियां कैडेट्स को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाती हैं तथा उनमें चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास पैदा करती हैं।
लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार सिंह ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के कैडेट्स को पैरासेलिंग का प्रशिक्षण और अनुभव प्रदान किया जाएगा।
डीडीयू ग्राउंड जैसे खुले और उपयुक्त स्थान पर इस गतिविधि के आयोजन से कैडेट्स को सुरक्षित वातावरण में एडवेंचर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। शहर के बीचों-बीच आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी पहुंच रहे हैं, जिससे युवाओं में एनसीसी और साहसिक गतिविधियों के प्रति उत्साह बढ़ रहा है।
इस प्रकार के आयोजन न केवल कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। एनसीसी द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसी गतिविधियां युवाओं को साहस,अनुशासन और नेतृत्व के गुणों से परिपूर्ण बनाती हैं, जिससे वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र के सशक्त प्रहरी के रूप में विकसित हो सकें।
इस अवसर पर सहायक एनसीसी अधिकारी मेजर डी. एन.मौर्य,कैप्टन राजेश यादव,सूबेदार अरविंद कुमार,सूबेदार विश्वनाथ पुरी,सूबेदार आलोक कुमार सहित विभिन्न पदक्रम के सैन्य अनुदेशक उपस्थित रहे।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *