गोरखपुर पुलिस ने महिलाओं-बालिकाओं व बुजुर्गों संग मनाया रक्षाबंधन

राखी के धागे में बंधा पुलिस और समाज का विश्वास,

 

थानों में गूंजी भाई-बहन के रिश्ते की मिठास, पुलिसकर्मियों ने दिया सुरक्षा और सम्मान का भरोसा

गोरखपुर(विनय तिवारी)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गोरखपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की। जनपद के विभिन्न थानों में पुलिसकर्मियों ने स्कूली छात्राओं, स्थानीय महिलाओं एवं बहनों के साथ आत्मीयता और अपनत्व के बीच रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
इस अवसर पर थाना परिसरों में पहुंचीं महिलाओं और छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को उपहार एवं मिठाई भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

दृष्टिबाधित बालिकाओं के बीच पहुंची राजघाट पुलिस

इसी क्रम में थानाध्यक्ष राजघाट ने थाना क्षेत्र स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालिका इंटर कॉलेज, नॉर्मल कैम्पस, गोरखपुर पहुंचकर नेत्रहीन बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं के साथ खुशियां साझा कीं और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस पहल ने पुलिस और बालिकाओं के बीच विश्वास एवं अपनत्व की भावना को और मजबूत किया।

वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद

वहीं प्रभारी निरीक्षक गोला ने थाना क्षेत्र स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की। उन्होंने वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के संबंध में जानकारी ली और रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें फल एवं मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। पुलिस की इस आत्मीय पहल से वृद्धजनों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने रक्षाबंधन के पवित्र पर्व को सामाजिक सरोकार, जनसहभागिता और मानवीय संवेदना से जोड़ दिया। पुलिसकर्मियों ने समाज के विभिन्न वर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हुए यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के हर व्यक्ति के साथ खड़ी है।
गोरखपुर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग, अपनत्व एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यह संदेश देना है कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और गरिमा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *