मुण्डन की तैयारी से पहले छा गया मातम संदिग्घ परिस्थिति में हुई विवाहिता की मौत जाँच में जुटी पुलिस

 

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में 28 वर्षीय विवाहिता प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस घर में सोमवार को बेटी के मुंडन की तैयारियां चल रही थीं, वहां रातोंरात मातम पसर गया। विवाहिता का शव कमरे में मिलने के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पिता रामप्यारे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पांच वर्ष पूर्व उनकी पुत्री प्रीति की शादी बरगदही निवासी राजभान से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष फ्रिज, कूलर सहित अन्य सामान की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। आरोप है कि पति भी अक्सर मारपीट करता था और दहेज को लेकर विवाद होता रहता था। परिजनों के अनुसार घटना वाली रात कपड़ों की खरीदारी को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। रात करीब एक बजे प्रीति की छोटी बेटी अपनी मां को खोजने लगी। बच्ची को लेकर उसकी मौसी रूपा जब कमरे में पहुंची तो प्रीति बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ी थी और परिवार के लोग उसके आसपास मौजूद थे। रूपा का आरोप है कि पूछने पर बताया गया कि प्रीति कुछ देर पहले फंदे से लटकी हुई थी और उसे नीचे उतारा गया है।

मामले को और गंभीर बनाते हुए मृतका की बहन ने दावा किया कि प्रीति और उसके पति के बीच पारिवारिक विवाद लंबे समय से चल रहा था तथा इसको लेकर घर में अक्सर तनाव बना रहता था। रूपा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना मायके पक्ष को देने के लिए उसे मोबाइल तक नहीं दिया गया। किसी तरह उसने अपनी बहन के फोन से पिता को जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि एम्बुलेंस बुलाने की बजाय ससुराल पक्ष उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या थी या फिर दहेज उत्पीड़न से जुड़ा कोई गंभीर अपराध

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *