ज्वैलरी शोरूम में ढाई साल से चल रही थी चोरी, दो सेल्स गर्ल गिरफ्तार; 25 लाख की नकदी व जेवर बरामद

 

गोरखपुर(विनय तिवारी)। कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वैलरी शोरूम में लंबे समय से चल रही सुनियोजित चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो महिला कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9.50 लाख रुपये नकद तथा करीब 15.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान मुस्कान गुप्ता निवासी हसनगंज लालडिग्गी, थाना राजघाट, गोरखपुर तथा नगमा खातून निवासी शक्तिनगर, थाना कसया, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब ढाई वर्षों से ज्वैलरी शोरूम में सेल्स पर्सन के रूप में कार्यरत थीं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मार्च माह में दुकान का स्टॉक ऑडिट कराया गया। ऑडिट के दौरान कई असली आभूषणों की जगह नकली आभूषण पाए गए तथा कुछ सोने के जेवरों का वजन भी कम मिला। जांच में सामने आया कि कई आभूषणों से लटकन तोड़ लिए गए थे। इसके बाद दुकान मालिक की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में अभियुक्ताओं ने बताया कि उन्होंने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रेंज और ब्लाइंड स्पॉट की जानकारी हासिल कर ली थी। इसी का फायदा उठाकर वे स्ट्रांग रूम में रखे असली सोने और हीरे के आभूषणों की जगह उसी डिजाइन के नकली जेवर रख देती थीं। जिन आभूषणों में कई लटकन लगे होते थे, उनमें से एक-दो लटकन निकालकर चोरी कर लेती थीं।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए आभूषणों को नेपाल में बेच दिया जाता था और उससे मिले पैसों से अपनी पसंद के नए आभूषण खरीदे जाते थे।
कैंट पुलिस ने दोनों अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.50 लाख रुपये नकद, सोने के विभिन्न आभूषण, चांदी के जेवर और धातु के बार बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
गिरफ्तारी की कार्रवाई चौकी प्रभारी गोलघर उपनिरीक्षक अवनीश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *