गोरखपुर में फर्जी दस्तावेजों से दो पासपोर्ट बनवाने वाला 10 हजार का इनामिया गिरफ्तार

 

खजनी/गोरखपुर। गोरखपुर जनपद की खजनी थाने के पुलिस ने कूटरचित (फर्जी) दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी कर दो पासपोर्ट बनवाने वाले 10 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना खजनी पुलिस ने मुकदमा संख्या 42/2025 में वांछित अभियुक्त दिनेश यादव पुत्र रामप्रीत यादव, निवासी ग्राम कुआँ बुजुर्ग कमरदेवा ढकहा बाजार, थाना खजनी, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता/भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471 तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 के तहत मुकदमा दर्ज है। जांच में सामने आया कि उसने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से दो पासपोर्ट बनवा लिए थे।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को वांछित घोषित किया था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। लगातार तलाश के बाद खजनी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि कूटरचना, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *