जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ अभियान को गति देने हेतु पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन

महराजगंज जनपद में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद को ‘जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (Zero Fatality District – ZFD)’ बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु को शून्य करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आज रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। *बैठक में थाना कोतवाली, फरेंदा, घुघली, निचलौल, बृजमनगंज एवं श्यामदेउरवा के सीसी टीम प्रभारियों एवं सदस्यों के साथ-साथ iRAD/eDAR से संबंधित नामित अधिकारी, यातायात प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।*
बैठक के दौरान ZFD कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं क्रिटिकल कॉरिडोर क्षेत्रों में की गई प्रवर्तन कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, दुर्घटनाओं की प्रवृत्ति, समय एवं स्थान आधारित आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जाए। यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक के समापन पर क्षेत्राधिकारी नौतनवा ने कहा कि जनपद महराजगंज को ‘जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को समन्वित प्रयास, सतत निगरानी एवं प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *