युवाओं को संगठित कर राष्ट्र निर्माण की नई ऊर्जा जगाएगा युवा सम्मेलन : सुरजीत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शताब्दी वर्ष के छठे चरण के युवा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर योजना बैठक संपन्न

महराजगंज, 29 जुलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जिला महाराजगंज द्वारा संघ के शताब्दी वर्ष के छठे चरण के अंतर्गत आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर नगर पालिका सभागार, महाराजगंज में योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न नगरों एवं खंडों से आए स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा एवं संगठनात्मक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया।

योजना बैठक का मार्गदर्शन सह-प्रांत प्रचारक, गोरक्ष प्रांत, श्री सुरजीत जी ने किया। उन्होंने बताया कि युवा सम्मेलन का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण 16 अगस्त से 31 अगस्त तक तथा द्वितीय चरण 1 सितंबर से 10 सितंबर तक आयोजित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रथम चरण के अंतर्गत ‘विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रमों का आयोजन जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सा महाविद्यालयों (मेडिकल कॉलेज) एवं अभियंत्रण महाविद्यालयों (इंजीनियरिंग कॉलेज) में किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के साथ राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास तथा समकालीन विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि द्वितीय चरण में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला एवं प्रांत स्तर पर किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रांत स्तर पर आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक युवाओं तक पहुंचकर उन्हें इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर युवा सम्मेलन के जिला अभियान प्रमुख श्री जीवेश मिश्रा ने कहा, “युवा केवल भविष्य की आशा नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जब युवा अपने जीवन में अनुशासन, चरित्र, सेवा और राष्ट्रभक्ति को अपनाते हैं, तभी समाज और राष्ट्र सशक्त बनता है। आइए, हम सभी अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और समय को राष्ट्रहित में समर्पित करने का संकल्प लें तथा ऐसे भारत के निर्माण में सहभागी बनें, जिस पर प्रत्येक नागरिक को गर्व हो।”

उन्होंने कहा कि समाज में कुछ देशविरोधी शक्तियां युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं, जो राष्ट्रहित में उचित नहीं है। ऐसे समय में युवाओं का कर्तव्य है कि वे सत्य, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत के नव-निर्माण में युवाओं की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखते हुए युवा सदैव समाज को नई दिशा देने का कार्य करेंगे।

बैठक में सह विभाग प्रचारक अजीत जी, जिला प्रचारक विनय जी, सह जिला प्रचारक रोहित जी, सह-अभियान प्रमुख मयंक मणि त्रिपाठी, विमल पांडेय, आलोक रंजन त्रिपाठी, रणजीत,अजय,प्रभाकर पटेल, विनोद गुप्ता, सुधाकर राय, दशरथ गुप्ता, रितेश त्रिपाठी, दुर्गेश सिंह, श्याम गुप्ता, अंकुर गुप्ता, आर्यन, विवेक,अम्बरीश, हृदेश, अविनाश,रघुनाथ, ऋषभ सहित अनेक स्वयंसेवक बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *