जिला कारागार गोरखपुर में गूंजी न्याय की आवाज,

गोरखपुर।। न्याय को हर व्यक्ति तक सहज, सुलभ और त्वरित रूप से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को जिला कारागार गोरखपुर में जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया  जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोरखपुर  राजकुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत में बंदियों के लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण कर न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का संदेश दिया गया।
लोक अदालत में पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  प्रतिभा चौधरी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एफटीसी  मनीष कुमार तथा रेलवे से संबंधित मामलों के निस्तारण हेतु एसीजेएम रेलवे  प्राग दत्त शुक्ला ने प्रतिभाग किया। इस दौरान रेलवे से संबंधित तीन बंदियों के प्रकरणों का मौके पर ही सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया, जिससे संबंधित बंदियों को शीघ्र न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने बंदियों के अधिकारों, विधिक सहायता की उपलब्धता तथा न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। जेल लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण की इस पहल को न्यायिक व्यवस्था की मानवीय एवं संवेदनशील सोच का प्रतीक माना गया।
इस अवसर पर जिला कारागार के जेल अधीक्षक  दिलीप कुमार पाण्डेय, जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, डिप्टी जेलर नरेश कुमार, विजय कुमार, आदित्य कुमार जायसवाल, अमिता श्रीवास्तव, कृष्णा कुमारी सहित अन्य कारागार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने न्यायिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
जेल लोक अदालत ने एक बार फिर यह साबित किया कि न्याय केवल अदालतों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक उसकी पहुंच सुनिश्चित करना ही न्याय व्यवस्था का वास्तविक उद्देश्य है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *