श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण

महराजगंज जनपद में पावन श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर जनपद में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन-जलाभिषेक सुनिश्चित करने हेतु व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं।

इसी क्रम में जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा थाना ठूठीबारी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी धाम शिव मंदिर इटहिया का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुगम आवागमन का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों द्वारा सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया तथा कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर एवं प्रमुख स्थलों पर की जा रही निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली गई। कांवड़ यात्रा से संबंधित प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है, जिससे भीड़ एवं यातायात व्यवस्था पर प्रभावी नजर रखी जा सके तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो।

श्रावण मास के दृष्टिगत मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस बल श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।

महराजगंज पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *