शहर में दो नए वेंडिंग जोन बनेंगे, पथ विक्रेताओं का होगा पुनः सर्वे

 

गोरखपुर। नगर निगम सभागार में बुधवार को नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में पथ विक्रय समिति की बैठक हुई। शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित शहरी सीमा को देखते हुए बैठक में नए वेंडिंग जोन विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में दो नए स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया गया।
निर्णय के अनुसार धर्मशाला अंडरपास स्थित शौचालय से रेलवे की बाउंड्री के पास तथा असुरन पुल से राजकीय पॉलिटेक्निक तक नए वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा। दोनों स्थानों पर पहले से दुकान लगाने वाले पथ विक्रेताओं का दोबारा सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान निर्धारित प्रारूप में पथ विक्रेताओं का पूरा डाटा दर्ज किया जाएगा, ताकि उन्हें व्यवस्थित रूप से वेंडिंग जोन में स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में शास्त्री चौक स्थित वेंडिंग जोन में पथ विक्रेताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के कार्य को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शुरू करने को कहा।
बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने किया। इसमें संयुक्त सचिव, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर नगर आयुक्त प्रथम, अधिशासी अभियंता आवास विकास परिषद, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, सहायक नगर नियोजक जीडीए, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-03 लोक निर्माण विभाग, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, यातायात निरीक्षक, मुख्य प्रबंधक लीड बैंक, कर निर्धारण अधिकारी नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा पार्षद रंजुला रावत के प्रतिनिधि राधेश्याम रावत, पार्षद जियाउल इस्लाम, सुधीर कुमार झा अध्यक्ष पटरी व्यापारी पार्टी, शमीम एजाज अध्यक्ष कल्याण संघ तथा डूडा के शहर मिशन प्रबंधक समेत अन्य संबंधित प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *