सरकारी विद्यालयों में नन्हीं प्रतिभाओं ने दिखाई हुनर, बच्चों ने बनाई आकर्षक राखियां

 

परतावल/महराजगंज। रक्षाबंधन पर्व को लेकर ब्लॉक परतावल क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कम्पोजिट विद्यालय लखिमा सहित क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हाथों से तरह-तरह की आकर्षक राखियां तैयार कीं।
बच्चों ने रंग-बिरंगे कागज, रिबन, मोती, ऊन, सजावटी सामग्री सहित अन्य उपलब्ध संसाधनों का प्रयोग कर सुंदर एवं आकर्षक राखियां बनाईं। विद्यालयों में आयोजित इस रचनात्मक गतिविधि के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपनी कल्पनाशीलता को राखियों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
शिक्षकों ने बच्चों को राखी बनाने के तरीके बताए तथा उन्हें स्वनिर्मित वस्तुओं के प्रति प्रेरित किया। बच्चों द्वारा तैयार की गई राखियों को देखकर शिक्षकों ने उनकी कला एवं मेहनत की सराहना की। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और हस्तकौशल का विकास होता है।
विद्यालयों में रक्षाबंधन पर्व की तैयारियों के बीच बच्चों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी राखियों ने पूरे परिसर को उत्सव के माहौल से भर दिया। अभिभावकों ने भी विद्यालयों में बच्चों को इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *