30 साल पुराना रास्ते और नाले का विवाद सुलझा, जन चौपाल से निकला समाधान

 

पुलिस-राजस्व टीम की पहल रंग लाई, सहमति के बाद गांव में मार्ग व नाले का निर्माण शुरू

गोरखपुर जनपद के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में जन चौपाल के माध्यम से करीब 30 वर्षों से चले आ रहे रास्ते और नाले के विवाद का आखिरकार समाधान हो गया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त पहल से विवादित पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद रविवार को ग्रामीणों ने रास्ते व नाले का निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे जन चौपाल अभियान के तहत 22 अगस्त को ग्राम रामगढ़ में पुलिस टीम ने ग्रामीणों एवं संभ्रांत लोगों के साथ चौपाल आयोजित की थी। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से चले आ रहे रास्ते और नाले के विवाद को प्रमुखता से उठाया।
विवाद की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं राजस्व टीम ने संबंधित पक्षों से बातचीत कर मामले का समाधान कराने का प्रयास किया। वार्ता के दौरान दोनों पक्ष आपसी सहमति पर पहुंच गए। इसके बाद 30 अगस्त को ग्रामीणों ने रास्ते और नाले का निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, नाले के निर्माण से गांव में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। करीब तीन दशक पुराने विवाद के समाधान के बाद ग्रामीणों में संतोष का माहौल है।
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी कैंट कीर्ति निधि आनंद, प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल श्यामा नंद राय, चौकी प्रभारी चिड़ियाघर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, पुलिसकर्मी गौरव मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मियों तथा तहसील सदर के लेखपाल अनिल श्रीवास्तव और विकास गुप्ता की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *