राप्ती-सरयू का जलस्तर घटा, राहत कार्य जारी; एसडीएम मनीष शर्मा ने संभाली कमान

 

 

गोरखपुर। गोला तहसील क्षेत्र में राप्ती और सरयू नदी के बढ़े जलस्तर से करीब 26 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। प्रशासन की ओर से प्रभावित ग्रामीणों को राहत पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है।

एसडीएम गोला मनीष शर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने पटना चौकी समेत विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री वितरित कराई। अब तक 5 हजार से अधिक लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है।

राप्ती और सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी गांवों तक पहुंच गया था। हालांकि अब दोनों नदियों का जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है और प्रभावित इलाकों में पानी भी कम होने लगा है। इसके बावजूद प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती है।

बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी सक्रिय रखा गया है। प्रभावित लोगों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ ही बीमार लोगों के उपचार की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, पशुओं के लिए चारे का भी इंतजाम कराया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से वितरित राहत किट में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से निर्धारित विभिन्न आवश्यक सामान शामिल हैं। एसडीएम मनीष शर्मा की निगरानी में राहत सामग्री प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही है। प्रशासन का फोकस बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने के साथ-साथ पानी उतरने के बाद उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने पर भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *