वनटांगिया गांव में दीपावली की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

8 नवंबर को तिनकोनियां नंबर तीन में वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली मनाएंगे मुख्यमंत्री, गांव तक पहुंचने वाले रास्तों से लेकर बिजली-पानी की व्यवस्था पर विशेष जोर

गोरखपुर। वनटांगिया गांव तिनकोनियां नंबर तीन में 8 नवंबर को दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी वनटांगिया परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली मनाएंगे और ग्रामीणों को उपहार वितरित करेंगे। कार्यक्रम के मद्देनजर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और गांव में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए गांव तक आवागमन के रास्तों को पूरी तरह ठीक कराया जाए। जिन स्थानों पर खड़ंजा टूटा-फूटा है अथवा रास्ते क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि कार्यक्रम के दिन आवागमन सुगम रहे। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि रास्तों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।

डीएम ने गांव में विद्युत व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी आवश्यक स्थानों पर बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कहीं भी विद्युत आपूर्ति अथवा प्रकाश व्यवस्था में कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके साथ ही ग्रामीणों और कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव में अब तक उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया जाए। यदि किसी स्तर पर कोई कमी रह गई है तो उसे चिह्नित कर तत्काल पूरा कराया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली मनाने का कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए विशेष महत्व रखता है। ऐसे में आयोजन की व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। गांव की साफ-सफाई, आवागमन, बिजली, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे ग्रामीणों को बेहतर माहौल मिल सके और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वनटांगिया समुदाय के लोगों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर वह ग्रामीणों से संवाद करने के साथ उन्हें उपहार भी देते हैं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर वनटांगिया परिवारों में खासा उत्साह रहता है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक दीपक सिंह, डीएसटीओ शशिकांत, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह मुन्ना सहित संबंधित अधिकारी और ग्रामवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *