कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की कमान विश्वेश शुक्ला के हाथ, अध्यक्ष निर्वाचित होते ही बढ़ी सक्रियता

 

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने डीएम दीपक मीणा से की मुलाकात, कर्मचारी हितों और समस्याओं पर हुई चर्चा

विश्वेश शुक्ला बोले- कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान से नहीं होगा समझौता

सुशील श्रीवास्तव मंत्री, नितिन संयुक्त मंत्री और रितेश शर्मा बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष

गोरखपुर। उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की जनपद शाखा गोरखपुर के चुनाव में विश्वेश शुक्ला अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने जिलाधिकारी दीपक मीणा से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया। इस दौरान कर्मचारियों के हितों, उनकी समस्याओं और संगठन की भावी कार्ययोजना को लेकर चर्चा हुई। जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद विश्वेश शुक्ला ने कर्मचारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक सदस्य के विश्वास और एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और स्वाभिमान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन का उद्देश्य केवल पदाधिकारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की समस्याओं को अपनी समस्या मानकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट के कर्मचारी प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शासन और प्रशासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने से लेकर विभिन्न विभागीय दायित्वों के निर्वहन तक कर्मचारियों की भूमिका अहम होती है। ऐसे में उनके कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं, सेवा संबंधी मामलों और जायज मांगों का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है। संगठन संबंधित अधिकारियों से संवाद स्थापित कर कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाएगा।

विश्वेश शुक्ला ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसकी एकता और आपसी विश्वास है। सभी कर्मचारियों को साथ लेकर संगठन को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और मजबूत बनाया जाएगा। कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए नियमित संवाद, आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय होने की स्थिति में संगठन उसकी आवाज बनेगा और नियमानुसार समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।

चुनाव में सुशील कुमार श्रीवास्तव मंत्री, नितिन कुमार श्रीवास्तव संयुक्त मंत्री और रितेश शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा विराट शुक्ला कनिष्ठ उपाध्यक्ष, रविंद्र नाथ पांडे सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा मंत्री, संत बली चौधरी संप्रेक्षक तथा पंकज श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष चुने गए। नई कार्यकारिणी के गठन से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। पदाधिकारियों ने संगठन को नई दिशा देने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से संगठन की गरिमा बनाए रखने तथा कर्मचारी हितों के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी सभी कर्मचारियों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। संगठन की प्राथमिकता कर्मचारियों का सम्मान सुरक्षित रखने, उनकी जायज मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने और प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराने की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *