बांग्लादेश में BNP को बहुमत, खालिदा जिया के बेटे बनेंगे प्रधानमंत्री!

 

शेख हसीना ने कहा- चुनाव फर्जी और असंवैधानिक है

उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
13/02/2026

काठमाण्डौ,नेपाल – बांग्लादेश में गुरुवार को हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बहुमत हासिल किया।

इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे और बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने पर मुहर लग गई है।

बांग्लादेश की 300 में से 299 सीटों पर गुरुवार को चुनाव हुए।

शेरपुर-3 इलाके में एक उम्मीदवार की मौत के बाद वहां मतदान स्थगित कर दिया गया।

ढाका ट्रिब्यून ने बताया कि बीएनपी ने 299 सीटों में से 165 सीटें जीतीं।

बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने दो निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ा और दोनों जीते। रहमान पिछले साल दिसंबर में 17 साल बाद देश लौटे थे।

जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन ने अब तक केवल 45 सीटें जीती हैं। जमात प्रमुख शफीकुर रहमान ढाका-15 निर्वाचन क्षेत्र से जीते।

अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 3 सीटें जीतीं।

बीएनपी की सत्ता में जोरदार वापसी

करीब दो दशक से सत्ता से बाहर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी बीएनपी ने इस चुनाव में शानदार वापसी की है।

बीएनपी ने दो तिहाई से ज्यादा बहुमत मिलने की उम्मीद जताई है।

गुरुवार को मतदान के बाद बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने कहा कि अगर वह चुने जाते हैं तो देश की कानून-व्यवस्था में सुधार करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

शेख हसीना ने कहा- चुनाव फर्जी और असंवैधानिक है

जुलाई 2024 में छात्र विद्रोह के बाद बांग्लादेश में यह पहला राष्ट्रीय चुनाव है।

तत्कालीन प्रधान मंत्री शेख हसीना की पार्टी, अवामी लीग, जो हिंसक आंदोलन को रोकने में असमर्थ होने के बाद देश छोड़कर भारत चली गई, पर प्रतिबंध लगा दिया गया और वह चुनाव में भाग नहीं ले सकी।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, जो फिलहाल भारत में निर्वासन में रह रही हैं, ने इस चुनाव को पूरी तरह फर्जी और असंवैधानिक बताया है।

उनका आरोप है कि अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने अवैध और असंवैधानिक तरीके से सत्ता पर कब्जा कर लिया और उसके आधार पर चुनाव कराए।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *