पंचायत भवन में ताला बन्द रहने से ग्रामीणों में आक्रोश प्रशासन मौन

 

परतावल, महराजगंज |
महराजगंज जनपद के विकास खण्ड परतावल के ग्राम सभा बैरिया में गुरुवार को सरकारी व्यवस्था की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब पंचायत भवन पर ताला लटका मिला और दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों को बैरंग लौटना पड़ा। लगातार लापरवाही से नाराज ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सहायक की मनमानी के चलते पंचायत भवन महज “नाम का” रह गया है। महीने में केवल दो-तीन दिन ही उपस्थिति होती है, वह भी निर्धारित समय के बिना। कभी 11 बजे, कभी 12 बजे तो कभी दोपहर 2 बजे आने से लोगों के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गुरुवार को जहीउलाह परिवार रजिस्टर से संबंधित कार्य के लिए पंचायत भवन पहुंचे थे। सचिव द्वारा पहले ही कागजात वहीं जमा करने को कहा गया था, लेकिन सुबह 11 बजे पहुंचने पर न तो पंचायत सहायक मौजूद मिलीं और न ही कोई अन्य जिम्मेदार कर्मचारी—भवन पर ताला लटका मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि अक्सर यही स्थिति बनी रहती है। अनिरुद्ध पटेल ने बताया कि पंचायत भवन अधिकांश समय बंद ही रहता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वही खण्ड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था, अब जानकारी मिली है। पंचायत भवन सुबह 7 बजे खुलना चाहिए। मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *