स्वच्छता कार्यों में लापरवाही पर नगर आयुक्त हुए सख्त,

फ्रेश वेस्ट निस्तारण फर्म को ब्लैकलिस्ट कर एफआईआर के निर्देश

गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) विभाग की समीक्षा बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई और कूड़ा निस्तारण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर आयुक्त ने नालों की शत-प्रतिशत तली झाड़ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्लैबों के नीचे जमा सिल्ट एवं कूड़े को बांस की सहायता से निकालने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में जीटीएस (गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन) पर जाने वाली कूड़ा गाड़ियों की संख्या एवं कूड़े की मात्रा की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने जीटीएस पर पहुंचने वाली सभी गाड़ियों की वेट स्कैनिंग तथा कैमरे के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नालों की सफाई की प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी निर्माणाधीन नालों को बरसात से पहले जोड़ने और पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने एसबीएम के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न फर्मों के कार्यों की भी समीक्षा की। इस दौरान जीएस एनवायरमेंट द्वारा संचालित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, रात्रिकालीन सफाई तथा स्वीपिंग मशीन से सफाई कार्य में संतोषजनक प्रगति न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ड्राइवरों एवं हेल्परों को हटाने तथा वीटीएमएस के माध्यम से सभी वार्डों के निर्धारित रूट को पूरी तरह कवर करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एमआरएफ सेंटरों के संचालन में खामियां मिलने पर देवेश ट्रेडिंग कंपनी के कार्यों पर भी असंतोष व्यक्त किया गया।
बैठक में फ्रेश वेस्ट निस्तारण का कार्य कर रही होराइजन सॉल्यूशन फर्म की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने फर्म को नगर निगम में ब्लैकलिस्ट करने तथा उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को उक्त फर्म को हटाकर नई फर्म के चयन हेतु टेंडर प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने का निर्देश भी दिया।
नगर आयुक्त ने एसबीएम के अंतर्गत कार्यरत सभी फर्मों को कार्यों के प्रति गंभीरता बरतने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *