परतावल को 4.5 करोड़ की सौगात विधायक ने किया शिलान्यास

परतावल/महराजगंज

नगर पंचायत परतावल मे गुरुवार को विकास की दो बड़ी सौगातें मिलीं। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत बनने वाले कल्याण मंडप और मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत स्थापित होने वाली डिजिटल लाइब्रेरी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। दोनों परियोजनाओं पर कुल करीब साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शिलान्यास समारोह के मुख्य अतिथि पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह रहे। आचार्य पंडित छोटू बाबा ने वैदिक विधि-विधान से भूमि पूजन कराया, जिसके बाद विधायक ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने की और संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता बलराम उपाध्याय ने किया।
चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बनने वाला कल्याण मंडप सिर्फ नगर पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए शादियों, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा। वहीं डिजिटल लाइब्रेरी से छात्रों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों में शिक्षा, संस्कृति और आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है। परतावल में बनने वाले ये दोनों केंद्र क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देंगे। सरकार की कोशिश है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर नगर आत्मनिर्भर बने।

मौजूद रहे गणमान्य
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा, विधायक प्रतिनिधि नंदू दूबे, वरिष्ठ नेता बलराम उपाध्याय, नामित सभासद काशीनाथ सिंह, तेजप्रताप मोदनवाल, नागेश कशौधन, सभासद अजय पटेल, विनय सिंह, रिंकू सिंह, राकेश गुप्ता, शिवेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने इसे परतावल के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *