साइबर ठगी के शिकार युवक के क्रेडिट कार्ड से निकले 9,790 रुपये वापस

 

फ्री ट्रैवल और होटल पास का झांसा देकर की गई थी ठगी, राजघाट पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली रकम

गोरखपुर। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को राजघाट थाना पुलिस ने राहत दिलाते हुए उसके क्रेडिट कार्ड से ठगे गए 9,790 रुपये वापस करा दिए। पीड़ित ने समय रहते साइबर अपराध की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रांजेक्शन को रुकवाया और रकम वापस कराई।

पुलिस के अनुसार पीड़ित के आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड पर साइबर अपराधियों ने ऑल इंडिया फ्री ट्रैवल और तीन वर्ष तक पूरे भारत में कहीं भी मुफ्त होटल पास उपलब्ध कराने का झांसा दिया था। इसी बहाने धोखाधड़ी कर उसके क्रेडिट कार्ड से कुल 9,790 रुपये का ट्रांजेक्शन करा लिया गया।

ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने तत्काल राजघाट थाना पुलिस को सूचना दी और NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम अनहद इनफो सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित ट्रांजेक्शन में इस्तेमाल की गई थी।

पुलिस ने संबंधित नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध ट्रांजेक्शन को रुकवाया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 9,790 रुपये पीड़ित के क्रेडिट कार्ड में वापस करा दिए गए।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में पीड़ित की जागरूकता और समय पर सूचना देना बेहद महत्वपूर्ण है। समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस और बैंकिंग संस्थाओं के समन्वय से ठगी की रकम को वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर क्रेडिट कार्ड, बैंक खाते या ओटीपी से संबंधित जानकारी साझा न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल इसकी सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *