भक्ति और उल्लास के साथ हुआ गणपति बप्पा की भावपूर्ण विदाई सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम


मोहन कुमार गुप्त

(विशेष संवाददाता), सिसवा बाज़ार
महराजगंज जनपद के सिसवा बाजार नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही सिसवा कस्बे में गणेश उत्सव का समापन हो गया। इस दौरान पूरा नगर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
नगर के इस्टेट चौक, हनुमानगढ़ी, सब्जी मंडी, गोपालनगर, फलमंडी और अमरपुरवा समेत आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं को भव्य रूप से सजाए गए रथों पर इस्टेट तिराहे लाया गया। इसके बाद ‘सिसवा के महाराज’ की मुख्य शोभायात्रा के नेतृत्व में निर्धारित क्रम अनुसार विसर्जन यात्रा शुरू हुई।
हिंदू कल्याण मंच और हनुमानगढ़ी समिति की ओर से निकाली गई यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जहां पारंपरिक परिधानों में सजी बालिकाओं और युवतियों ने डांडिया और गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे के भक्तिमय गीतों पर युवा और श्रद्धालु जमकर थिरके।
नारायणी नदी के घाट पर विसर्जन
शोभायात्रा श्रीरामजानकी मंदिर रोड से प्रारंभ होकर अमरपुरवा, गोपालनगर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन रोड, फलमंडी, सायर स्थान और मस्जिदिया ढाला होते हुए खेखड़ा घाट की ओर रवाना हुई। देर रात नारायणी नदी के तट पर आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी और सीओ रविंद्र सिंह के दिशा-निर्देशन में कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा व सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य पुलिस बल के साथ मुस्तैद दिखे। सुरक्षा व्यवस्था में आधा दर्जन थानों की पुलिस के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान तैनात किए गए थे, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *