धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा को लेकर एसपी उत्तरी ने संभाली कमान संवेदनशील क्षेत्रो मे  पैदल गस्त कर  सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

गोरखपुर जनपद मे  आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत ने थाना चौरीचौरा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान एसपी उत्तरी ने बाजारों में पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धनतेरस और दीपावली के अवसर पर बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे तथा आम नागरिकों और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, अनावश्यक जाम की स्थिति से बचने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा।

एसपी उत्तरी ने पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने और आमजन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में बाधा डालने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक चौरीचौरा सहित थाने के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *