सीसीटीवी की मदद से तीन घंटे में लापता 13 वर्षीय बालक बरामद

गोरखपुर(विनय तिवारी)। थाना गोरखनाथ क्षेत्र के हुमायूंपुर उत्तरी भरटोलिया निवासी 13 वर्षीय अंश वर्मा के घर से नाराज होकर लापता होने की सूचना मिलते ही गोरखनाथ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज तीन घंटे में उसे सकुशल बरामद कर लिया।
शनिवार को अंश की मां विजय लक्ष्मी वर्मा पत्नी विनोद वर्मा ने थाना गोरखनाथ पहुंचकर पुलिस को बताया कि उनका 13 वर्षीय पुत्र घर से नाराज होकर निकल गया है और अभी तक वापस नहीं लौटा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मय पुलिस टीम बच्चे की तलाश में जुट गए।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए बच्चे की गतिविधियों का पीछा करते हुए संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। तलाश करते हुए पुलिस टीम गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां प्लेटफॉर्म नंबर एक से अंश वर्मा को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते लापता बालक को करीब तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *