जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की हुई मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया जांच में जुटी पुलिस

 

कौशल श्रीवास्तव की रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बुद्धिरामपुर गांव में जहरीला पदार्थ खाने से 27 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से गांव में भी शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान बुद्धिरामपुर निवासी शमशेर की पत्नी मरियम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर उसे परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मरियम के पिता आलमगीर सियरहिभार गांव के निवासी हैं। परिजनों ने मृतका के पति के चाचा पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जाता है कि मरियम की शादी वर्ष 2019 में प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। उसके दो बेटे हैं—पांच वर्षीय हसनैन और तीन वर्षीय अब्दुर्रहमान। मां की मौत के बाद दोनों मासूमों के भविष्य को लेकर परिजनों में गम का माहौल है।
इस संबंध में श्यामदेउरवां थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और आवश्यक तथ्यों के सामने आने के बाद ही विवाहिता की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *