विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, दोनों पालियों में 12,969 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

 

19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच हुआ आयोजन, 1,449 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 मंगलवार को जिले में शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा दो पालियों में 19 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 19 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।

पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक चली। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 14,418 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें पहली पाली में 8,581 और दूसरी पाली में 5,837 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

पहली पाली में निर्धारित 8,581 अभ्यर्थियों में से 7,628 ने परीक्षा दी, जबकि 953 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में 5,837 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 5,341 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 496 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 12,969 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,449 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष लगभग 89.95 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। सभी 19 परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती के माध्यम से व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया।

परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे समय तत्पर रहे। प्रशासनिक स्तर पर परीक्षा की व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। दोनों पालियों की परीक्षा संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जिले में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *