जिलाधिकारी ने खुद संभाली कमान, बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति का किया औचक निरीक्षण

 

गोरखपुर जनपद में  मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा स्वयं मैदान में उतरकर गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से जांच की कि निर्धारित समय पर कौन-कौन से बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर उपस्थित हैं और कौन अनुपस्थित है।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों—नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने, अन्य स्थानों पर स्थायी रूप से चले गए मतदाताओं के नाम विलोपन तथा नाम, पता, आयु और फोटो में सुधार—के लिए बीएलओ का बूथ पर रहना अनिवार्य है। इन निर्देशों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने बिना पूर्व सूचना के कई बूथों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की उपस्थिति पंजिका देखी और मौके पर मौजूद बीएलओ से अब तक प्राप्त आवेदनों की संख्या, उनके निस्तारण की स्थिति तथा मतदाताओं से किए जा रहे संपर्क के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने यह भी परखा कि बीएलओ फार्म-6 (नए मतदाता पंजीकरण), फार्म-7 (नाम विलोपन) और फार्म-8 (संशोधन) से संबंधित जानकारी आम नागरिकों को सही ढंग से दे रहे हैं या नहीं।

कुछ बूथों पर बीएलओ की अनुपस्थिति अथवा लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित या कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र नाम सूची में दर्ज न हो। मृतक मतदाताओं और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम समयबद्ध ढंग से हटाए जाएं तथा नाम या पते में त्रुटि होने पर तत्काल सुधार किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आम मतदाताओं से भी संवाद किया और उनसे अपील की कि वे अपने मतदाता विवरण की जांच अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो या नाम जोड़ने/हटाने की आवश्यकता हो तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समय रहते आवेदन करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की बुनियाद शुद्ध मतदाता सूची है। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और हर स्तर पर निगरानी की जा रही है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *