देशी शराब की दुकान के बाहर से उड़ा दी बाईक, जांच में जुटी पुलिस

 

तीन वाहन चोरों की गिरफ्तारी के बीच, पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल। चौकी से 500 मीटर दूर बाइक चोरी

 

महराजगंज जनपद के थाना श्यामदेउरवा पुलिस हाल ही में तीन वाहन चोरों की गिरफ्तारी कर अपनी उपलब्धि गिना रही है, वहीं दूसरी ओर परतावल पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई बाइक चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने देशी शराब की दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत और पुलिस गश्त को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पिपरिया निवासी धनंजय गौतम सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे परतावल-कप्तानगंज मार्ग स्थित छातीराम पुल के निकट सरकारी देशी शराब की दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक संख्या यूपी 56 एएम 4043 दुकान के बाहर खड़ी कर खरीदारी के लिए अंदर चले गए। कुछ देर बाद जब वह बाहर निकले तो उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। बाइक न मिलने पर धनंजय गौतम ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने परतावल पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित तहरीर दी और बाइक बरामद करने की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इस सन्दर्भ में परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के इतने करीब हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *