पुरानी बाजार में किराना दुकान से अवैध शराब बरामद, क्षेत्रवासियों में रोष; सख्त कार्रवाई की मांग

उनवल/गोरखपुर। नगर पंचायत उनवल की पुरानी बाजार में कथित अवैध शराब बिक्री को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से एक किराना दुकान से अवैध रूप से देसी शराब बेचे जाने की शिकायत की जा रही थी। इसके चलते क्षेत्र में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं, छात्राओं, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों की शिकायत पर उनवल चौकी पुलिस ने पुरानी बाजार स्थित ब्रह्मदेव गुप्ता की किराना दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से देसी शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की। बाद में उसे निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि ब्रह्मदेव गुप्ता के विरुद्ध पूर्व में भी अवैध शराब बिक्री के मामलों में कई बार मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई न होने के कारण वह दोबारा इसी प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त हो जाता है।

मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि रिहा होने के बाद संबंधित व्यक्ति ने कुछ लोगों को बुलाकर शिकायतकर्ता के घर के सामने गाली-गलौज की तथा धमकाने का प्रयास किया। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शिकायत करने वाले ही असुरक्षित महसूस करेंगे तो भविष्य में कोई भी व्यक्ति अवैध गतिविधियों की सूचना देने का साहस नहीं कर पाएगा।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार पुरानी बाजार क्षेत्र धीरे-धीरे नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। शाम होते ही कुछ असामाजिक तत्व यहां एकत्र होकर नशा करते हैं, जिससे स्थानीय परिवारों, विशेषकर महिलाओं, छात्राओं एवं बुजुर्गों को असुरक्षा का अनुभव होता है। लोगों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन से की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

क्षेत्रवासियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं आबकारी विभाग से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पुरानी बाजार में अवैध शराब के कारोबार पर स्थायी रोक लगाने, शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन पुरानी बाजार एवं आसपास के क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और सघन निगरानी की व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई गंभीर कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। मामले की जांच जारी है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *