अमरूद तोड़ने के मामूली विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हुई हत्या

परतावल /महराजगंज

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में रविवार को अमरूद तोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गई।
मृतक की पहचान धरमौली निवासी मुखलाल शर्मा (70) के रूप में हुई है। रविवार दोपहर मुखलाल घर पर अकेले थे। इसी बीच पड़ोस का 3 वर्षीय बच्चा उनके घर के दरवाजे पर लगे अमरूद के पेड़ से फल तोड़ने लगा। मुखलाल ने बच्चे को टोक दिया और अमरूद तोड़ने से मना किया।
बस इसी बात पर बच्चे की मां भड़क गई। दोनों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में महिला ने लाठी उठाकर मुखलाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े।
परिजन आनन-फानन में मुखलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों का कहना है कि एक पेड़ के फल के लिए हुई कहासुनी में किसी की जान चली जाएगी, यह किसी ने नहीं सोचा था।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *