ज्योति इंटर कॉलेज मे अजीत का हुआ भव्य सम्मान

गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ज्योति इंटर कॉलेज, नाहरपुर में आयोजित समारोह उस समय भावुक और गौरवपूर्ण हो उठा, जब विद्यालय के पूर्व छात्र अजीत मौर्य ने ध्वजारोहण किया। अजीत ने इसी विद्यालय से एलकेजी से लेकर इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त की है और अब भारतीय सेना में चयनित होकर अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद देश सेवा के लिए लौटे हैं।

विद्यालय परिवार के लिए यह अवसर इसलिए भी विशेष रहा कि जिस छात्र ने कभी इसी विद्यालय के प्रांगण में शिक्षा ग्रहण करते हुए अपने भविष्य के सपने देखे थे, आज वही छात्र भारतीय सेना की वर्दी में तिरंगा फहराकर राष्ट्रसेवा का संदेश दे रहा था।

ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय परिवार की ओर से अजीत मौर्य का माला पहनाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। सेना की वर्दी में अपने पूर्व छात्र को देखकर विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. रवि प्रकाश यादव ने कहा कि “हमारे लिए इससे बड़ा गर्व का विषय कोई दूसरा नहीं हो सकता कि ज्योति इंटर कॉलेज का एक छात्र आज भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा कर रहा है। अजीत की सफलता विद्यालय के प्रत्येक शिक्षक, विद्यार्थी और पूरे ज्योति परिवार के लिए प्रेरणादायी है।”

उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार और देश के प्रति कर्तव्य की भावना विकसित करना भी है। अजीत मौर्य की उपलब्धि विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

समारोह में उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने अजीत को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

एक विद्यालय के लिए इससे बड़ा गौरव और क्या हो सकता है कि उसका विद्यार्थी शिक्षा पूरी कर देश की रक्षा के लिए समर्पित हो जाए। अजीत मौर्य की यह उपलब्धि वास्तव में पूरे ज्योति परिवार का गौरव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *