तीन महीने से सड़क किनारे पड़ा कूड़ा, जिम्मेदार बेखबर

 

सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज के सामने गंदगी का अंबार, दुर्गंध और बीमारी का बढ़ा खतरा

कौड़ीराम/गोरखपुर। कस्बे में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज के सामने सड़क किनारे पिछले करीब तीन महीने से कूड़े का ढेर लगा हुआ है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण कचरा फैलकर सड़क किनारे बड़े हिस्से में जमा हो गया है।

कूड़े के ढेर में पॉलिथीन, प्लास्टिक सहित तमाम तरह का कचरा बिखरा पड़ा है। बारिश के मौसम में कचरा सड़ने से आसपास दुर्गंध फैल रही है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी गंदगी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।

सबसे गंभीर बात यह है कि कूड़े का ढेर विद्यालय के सामने लगा है। यहां प्रतिदिन छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों का आवागमन होता है। इसके बावजूद लंबे समय से सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की तैनाती के बावजूद नियमित सफाई नहीं होना विभागीय निगरानी पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने अधिकारियों से तत्काल कूड़ा हटवाने और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को लगाकर जल्द ही मौके की सफाई करा दी जाएगी।

अब देखना यह है कि अधिकारी के आश्वासन के बाद तीन महीने से जमा कूड़े के ढेर की सफाई कब तक होती है और भविष्य में यहां दोबारा कूड़ा जमा न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था कब तक लागू की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *