कोहड़ा का पौधा तोड़ने व लगाने को लेकर पट्टीदारों में मारपीट, 4 पर मुकदमा दर्ज

ब्रह्मपुर गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर कुशवहा टोला में रविवार सुबह कोहड़ा (कद्दू) का पौधे को लेकर हुए विवाद में पट्टीदारों ने एक महिला के साथ मारपीट की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित महिला की बेटी को भी मनबढ़ों ने पीट दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर झंगहा पुलिस ने चार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वनाथपुर कुशवहा टोला निवासी गुड्डी देवी पत्नी सुखारी चौहान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि रविवार सुबह करीब 8:00 बजे उनके घर के पास कोहड़ा का पौधा तोड़ने को लेकर पट्टीदार जीवन लाल, गुड्डू, रीना देवी और राज से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे।
मारपीट की आवाज सुनकर जब पीड़िता की बेटी काजल बीच-बचाव करने आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे दोनों को काफी चोटें आई हैं। जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में झंगहा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी जीवन लाल, गुड्डू, रीना देवी और राज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राजेश कुमार भारती को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *