थानों में गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ का जयघोष, भक्ति में डूबे पुलिसकर्मी

चिलुआताल थाने में एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र रहे मौजूद, थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने धर्मपत्नी संग कराया पूजन-अर्चन

गोरखपुर  जिले के सभी थानों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। थाना परिसरों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गईं। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही थानों में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष गूंज उठे।
चिलुआताल थाने में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र विशेष रूप से मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत पूजन-अर्चन कर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राधा-कृष्ण की आराधना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक और जवानों ने लिया आशीर्वाद
जन्माष्टमी समारोह में चिलुआताल थाना क्षेत्र की विभिन्न चौकियों के चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक और पुलिस जवान मौजूद रहे। सभी ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही शंख-घंटियों और जयकारों से थाना परिसर गूंज उठा।
जन्म के बाद भगवान श्रीकृष्ण की आरती की गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने भी भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और पुलिसकर्मियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
कर्तव्य के साथ आस्था का भी दिखा संगम
जन्माष्टमी के आयोजन में पुलिसकर्मियों की धार्मिक आस्था के साथ आपसी एकजुटता भी देखने को मिली। वर्षभर कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के साथ पर्व में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
थाना परिसर में देर रात तक भक्ति गीतों और जयकारों से माहौल कृष्णमय बना रहा। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के बीच पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का दर्शन किया।
जनपद के अन्य थानों में भी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना, आरती और प्रसाद वितरण के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण से जनपद में शांति, सुरक्षा और खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *