इलाज और टीकाकरण के नाम पर वसूली का आरोप, स्टाफ नर्स पर कार्रवाई की मांग

ऑपरेशन के एवज में 6 हजार रुपये लेने का भी दावा, भाजपा नेता ने सीएमओ को सौंपा शिकायती पत्र

महराजगंज जनपद के  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पर तैनात एक स्टाफ नर्स पर मरीजों से इलाज, टीकाकरण और ऑपरेशन के नाम पर कथित रूप से रुपये वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर फरेंदा दक्षिणी मंडल के भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व ग्राम प्रधान हीरा प्रसाद गुप्ता ने मुख्य चिकित्साधिकारी महराजगंज को शिकायती पत्र देकर जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीएचसी बनकटी पर तैनात स्टाफ नर्स जैतूननिशा द्वारा मरीजों से इलाज एवं टीकाकरण के नाम पर 500 रुपये तथा ऑपरेशन के एवज में 6,000 रुपये तक लिए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पत्र में एक मरीज से कथित तौर पर ऑपरेशन के लिए रकम लिए जाने का भी उल्लेख किया है।
भाजपा नेता ने कहा कि सरकार की ओर से सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर आमजन को निशुल्क इलाज, दवा और टीकाकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। ऐसे में यदि सरकारी अस्पताल में मरीजों से अवैध वसूली की जा रही है तो यह न केवल गंभीर मामला है, बल्कि इससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की छवि भी प्रभावित होती है।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से संचालित कराने की मांग की है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच और संबंधित स्टाफ नर्स का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *